“डिप्रेशन, तनाव और बेचैनी का फ्री इलाज आपके आसपास उड़ रहा है… लेकिन आप सुन नहीं रहे !”
withrbansal
“मोबाइल ने जो शांति छीनी… उसे पक्षियों की चहचहाहट वापस लौटा सकती है !”
सुबह का समय…हल्की रोशनी…ठंडी हवा…और अचानक....किसी पेड़ से आती चहचहाहट.... यह सिर्फ एक ध्वनि नहीं है। यह एक संकेत है - कि जीवन अभी भी जीवित है। हम में से अधिकांश लोग इस आवाज़ को अनदेखा कर देते हैं। लेकिन दोस्तों, क्या हमने कभी रुककर सोचा है कि यह साधारण सी लगने वाली ध्वनि हमारे मन, शरीर और आत्मा पर कितना गहरा असर डालती है ?
अक्सर हम सोचते है कि पक्षी क्यूँ गातें है ? लेकिन सवाल यह नहीं है कि पक्षी क्यों गाते हैं… सवाल यह है कि पक्षियों का गाना सुनकर हमारा दिमाग़ स्वतः रिलैक्स क्यों हो जाता है ? पक्षियों की आवाज़ कोई बेतरतीब शोर नहीं होती। यह एक सुव्यवस्थित, लयबद्ध और सुसंगत ध्वनि होती है। जब हम इसे सुनते हैं, तो हमारा मस्तिष्क इसे “सुरक्षित वातावरण” का संकेत मानता है। कारण क्या है ? प्राचीन काल में जब इंसान जंगलों में रहता था, तब अगर पक्षी शांत है - मतलब खतरा पास है l अगर पक्षी चहचहा रहे है - अर्थात सब सुरक्षित है l इसलिए आज भी, जब हम पक्षियों की आवाज़ सुनते हैं, तो हमारा दिमाग स्वतः ही रिलैक्स हो जाता है। यह एक जैविक प्रोग्रामिंग है…जो हजारों वर्षों से हमारे भीतर बैठी हुई है।
पक्षियों की चहचहाहट तनाव का साइलेंट किलर है आज का इंसान हर समय तनाव में है - मोबाइल, काम, जिम्मेदारियाँ, भविष्य की चिंता…लेकिन जब हम पक्षियों की चहचहाहट सुनते हैं, तो कुछ अद्भुत घटित होता है - दिमाग में कॉर्टिसोल (stress hormone) कम होने लगता है अल्फा ब्रेन वेव्स सक्रिय हो जाती हैं मानसिक शांति स्वतः आने लगती है | यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे हम ध्यान (Meditation) कर रहे हों......वह भी बिना कोशिश के। यानी, पक्षी हमें बिना प्रयास के “ध्यान” की अवस्था में ले जाते हैं।
दोस्तों,आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि पक्षियों की आवाज़ का असर सिर्फ हमारे मन पर ही नहीं, बल्कि शरीर पर भी होता है। जब हम चहचहाहट सुनते हैं तो हमारा Nervous System “Rest Mode” में चला जाता है,दिल की धड़कन संतुलित होती है और ब्लड प्रेशर धीरे-धीरे कम होने लगता है l इसका मतलब है - हमारा शरीर खुद को रिपेयर करने लगता है। इसलिए इसे “Natural Healing Trigger” भी कहा जा सकता है।
आज हर व्यक्ति सुबह अलार्म से उठ रहा है …लेकिन प्रकृति ने हमें एक बेहतर अलार्म दिया है - पक्षियों की चहचहाहट। सुबह का यह संगीत हमारी Body Clock (Circadian Rhythm) को रीसेट करता है
यह हमें प्राकृतिक तरीके से जगाता है l पक्षी प्रकृति का अलार्म सिस्टम भी है, और सबसे खास बात - इसमें कोई झटका (Shock) नहीं होता, जैसे अलार्म में होता है, जिससे नींद की गुणवत्ता सुधरती है l
ये पक्षी भावनात्मक रूप से टूटे हुए को जोड़ने का कार्य भी करते है l आपने नोटिस किया होगा उदास होने पर अगर हम प्रकृति के पास जाते हैं तो थोड़ा अच्छा महसूस होता है? यह संयोग नहीं है। पक्षियों की आवाज़ - डोपामिन (खुशी का हार्मोन) बढ़ाती है, सेरोटोनिन को संतुलित करती है, भावनात्मक स्थिरता लाती है l यह धीरे-धीरे अंदर की टूटन को भरती है। यह दवा की तरह तेज असर नहीं करती… लेकिन इसका असर गहरा और स्थायी होता है।
भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में ध्वनि को “नाद” कहा गया है और नाद को ब्रह्म (Universe) का मूल माना गया है। पक्षियों की चहचहाहट एक शुद्ध, बिना मिलावट की ध्वनि है जो सीधे मन को वर्तमान में लाती है और ध्यान को गहरा करती है यही कारण है कि ऋषि-मुनि जंगलों में रहते थे क्योंकि वे जानते थे कि प्रकृति की ध्वनियाँ ही असली गुरु हैं।
आज हम कंक्रीट के जंगल में रहते हैं। यहाँ हमें क्या सुनाई देता है ? गाड़ियों का शोर, मशीनों की आवाज़, मोबाइल नोटिफिकेशन और धीरे-धीरे, हमने क्या खो दिया है और क्या खो रहें है ?- शांति, संतुलन, और प्रकृति से जुड़ाव l पक्षियों की चहचहाहट सिर्फ आवाज़ नहीं है - यह हमें हमारी जड़ों से जोड़ने का माध्यम है।
यह भी पढ़े - मृत्यु के समय रह जाने वाले टॉप 5 रिग्रेट्स
दोस्तों यदि आप इस जादू को खुद महसूस करना चाहते है तो कल सुबह एक काम करें - जल्दी उठें... मोबाइल को दूर रखें और नजदीकी पार्क या अन्य उपयुक्त स्थान पर बैठकर 10–15 मिनट सिर्फ पक्षियों की आवाज़ सुनें l कुछ भी न करें…बस सुनें…आप पाएंगे - मन शांत हो रहा है, विचार धीमे हो रहे हैं और भीतर एक अजीब सी सुकून की लहर उठ रही है
क्या यह सच में “औषधि” है? अगर औषधि का मतलब है -जो दर्द और पीड़ा को कम करे,जो जीवन में संतुलन लाए, जो शरीर और मन को ठीक करे तो निश्चित रूप से पक्षियों की चहचहाहट एक “औषधि” है। लेकिन यह बिना कीमत की है,बिना साइड इफेक्ट की है और अगर हम ध्यान दे तो हमेशा उपलब्ध है l हम दवाइयों में इलाज खोजते हैं…लेकिन प्रकृति ने हमें पहले ही सब कुछ दे दिया है। समस्या यह नहीं है कि इलाज नहीं है - समस्या यह है कि हम सुनना भूल गए हैं।
दोस्तों,असली अमीरी क्या है ? अमीरी सिर्फ पैसे में नहीं होती…असली अमीरी है - एक सकून भरी सुबह... पक्षियों की आवाज़....शांत मन और जीवन को पूर्णतया महसूस कर पाना l यह अमीरी हर किसी के पास हो सकती है - बस थोड़ी जागरूकता चाहिए। अगली बार जब आप पक्षियों की चहचहाहट सुनें ती उसे अनदेखा मत करें। क्योंकि शायद…वह सिर्फ एक आवाज़ नहीं, बल्कि प्रकृति का एक संदेश है - “रुक जाओ... अभी हार मत मानों... जीवन अभी बाकी है..."
यह भी पढ़े - कभी-कभी हमें बेहद अकेलापन क्यूँ महसूस होता है |
दोस्तों,आप अपने घर/आसपास ऐसा वातावरण बना सकते हैं जहाँ रोज़ पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे, बस थोड़ा से प्रयास और निरंतरता की आवश्यकता है l बस नीचे दी हुई 2 चीजे इन्हें उपलब्ध करा दे -
दाना - पानी -
पक्षियों को सबसे ज्यादा जरूरत पानी की होती है—खासकर राजस्थान जैसे इलाकों में। एक मिट्टी का छोटा बर्तन (परिंडा) अपने घर की बालकनी या गार्डन में टांगकर रखें, उसे छांव में रखें, रोज़ साफ पानी भरें l होगा यह कि पहले 2–3 दिन कम पक्षी आएंगे फिर धीरे-धीरे उनकी संख्या बढ़ने लगेगी l
खाने में यूँ तो हर पक्षी अलग खाना पसंद करता है, लेकिन कुछ सामान्य दाने जैसे - बाजरा, ज्वार, टूटे हुए चावल, गेहूं इत्यादि किसी छोटे पात्र में यह भी टांगकर रखे, दीवार पर ना रखे, दीवार पर कबूतर अन्य पक्षियों का आना रोक सकते है l दाना रखने का एक निश्चित समय तय कर दे l इससे पक्षी उस जगह को “Safe Feeding Spot” मानने लगते हैं।
आवास -
अगर आपके पास थोड़ी जगह है तो सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप नीम,गुड़हल, अमरूद,अनार, शहतूत. जामुन जैसे फलदार पेड़ लगाये l इससे पक्षियों को बैठने, छुपने और घोंसला बनाने की जगह मिलती है और आपकी जगह “Natural Habitat” बन जाती है l यदि जगह की कमी है तो लकड़ी, नारियल या मिट्टी के छोटे घोंसले लगाएं l इन्हें दीवार या पेड़ पर 6–10 फीट ऊंचाई पर लगाएं जहाँ बिल्ली जैसे जानवरों की पहुँच ना हो और सीधी धूप ना आये l गौरैया (sparrow) मैना, बुलबुल, तोता, हमिंग बर्ड इत्यादि पक्षी अवश्य आएंगे l सबसे ज्यादा चहचहाहट सुबह 5 - 8 और शाम 5 - 7 सुनाई पड़ेगी l शुरुआत में कम पक्षी आएंगे लेकिन थोड़े दिन बाद आप फर्क महसूस करेंगे, यह एक “धीमी लेकिन जादुई प्रक्रिया” है।
यह भी पढ़े - मृत्यु के बाद का सत्य !
करना क्या है आपको -
आपको रोज़ 10–15 मिनट चुपचाप बैठना है...मोबाइल दूर रखें....सिर्फ पक्षियों की आवाज़ सुनें ....हर अलग आवाज़ को पहचानने की कोशिश करें...सांस पर ध्यान दें... इससे मन शांत होगा, विचार धीमे...अंदर सुकून उत्पन्न होगा l धीरे-धीरे आप देखेंगे कुछ पक्षी रोज़ आने लगेंगे, आप उन्हें पहचानने लगेंगे...एक रिश्ता सा बन जाएगा l यही असली “Nature Connection” है जो आज की जिंदगी में सबसे ज्यादा missing है। व्यक्ति लाखों रुपये खर्च करके भी वह शांति नहीं खरीद सकता जो सुबह 10 मिनट पक्षियों की चहचहाहट से मिलती है और सबसे बड़ी बात यह कि यह - फ्री है,शुद्ध है,और बेहद शक्तिशाली है l
withrbansal





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
आपको मेरी यह पोस्ट कैसी लगी ,कृपया सुझाव, शिकायत अथवा टिप्पणी बॉक्स में लिखकर बताये