घर रणभूमि नहीं, साधना-भूमि है!

withrbansal

            परिवार ही आपके आत्म विकास की प्रयोगशाला है | 

दोस्तों, “घर” सिर्फ चार दीवारों का नाम नहीं है। यह वह स्थान है जहाँ मन थककर लौटता है, आत्मा विश्राम चाहती है, और हृदय अपनापन खोजता है। लेकिन जब उसी घर में— मतभेद टकराव बन जाएँ, संवाद आरोप बन जाएँ,अपेक्षाएँ बोझ बन जाएँ, और अहंकार प्रेम से बड़ा हो जाए—तो घर शांति का केंद्र नहीं रहता। वह रणभूमि बन जाता है। और यही वह क्षण है जहाँ से परिवार या तो टूटता है— या तपकर और मजबूत बनता है।

A peaceful and loving family sharing happy moments


 परिवार में टकराव के मूल में समस्या व्यक्ति नहीं, प्रवृत्ति है- चाहे पति-पत्नी का संबंध हो, माता-पिता और बच्चों का हो, भाई-भाई का हो, सास-बहू का हो— संघर्ष का मूल कारण “प्रेम की कमी” नहीं होता। अक्सर कारण होता है -अहंकार, अपेक्षाएँ और नियंत्रण की इच्छा।

हम चाहते हैं कि - जीवनसाथी वैसा सोचे जैसा हम सोचते हैं, बच्चे वैसा बनें- जैसा हम चाहते हैं। माता-पिता वैसा व्यवहार करें जैसा हमें सही लगता है।और जब ऐसा नहीं होता है तो हम कहते हैं, “मेरे साथ अन्याय हुआ।” सच यह है - अधिकतर अन्याय हम अपनी अपेक्षाओं से स्वयं के साथ करते हैं। समस्या सामने वाला नहीं, हमारा अनियंत्रित मन है l
भगवद गीता में कहा गया है - “मनुष्य स्वयं अपना मित्र है, और स्वयं अपना शत्रु।” परिवार में भी यही सत्य लागू होता है।आपका जीवनसाथी आपका शत्रु नहीं है ,आपके बच्चे आपके विरोधी नहीं है और आपके माता-पिता आपके दुश्मन नहीं है | 
आपका क्रोध, आपका अहंकार, आपकी जिद - ये सभी आपके शत्रु हैं। जब हम प्रतिक्रिया (Reaction) देते हैं, तो हम आग में घी डालते हैं। जब हम अनुक्रिया (Response) करते हैं, तो हम समाधान की ओर बढ़ते हैं।

परिवार का केंद्र दाम्पत्य है। यदि पति-पत्नी के बीच सम्मान और संतुलन है—तो पूरा घर स्थिर रहता है। लेकिन यदि वही संबंध अस्थिर हो जाए - तो बच्चों की मानसिकता, बुजुर्गों की शांति और पूरे घर का वातावरण प्रभावित होता है।

 भारतीय परंपरा विवाह को केवल सामाजिक अनुबंध नहीं मानती है, यह संस्कार है। रामचरितमानस में श्रीराम और सीता का जीवन केवल सुख का चित्र नहीं है,वनवास था, वियोग था,परीक्षाएँ थीं, लेकिन फिर भी मर्यादा नहीं टूटी। आज समस्या यह नहीं कि संघर्ष है - समस्या यह है कि धैर्य नहीं है।



Emotional family conflict and stress


💙पारिवारिक संघर्ष के प्रमुख कारण

1.अपेक्षाओं का जाल- हम सामान्यतया प्रेम को शर्तों में बदल देते हैं। “तुम ऐसा करोगे तो ही मैं खुश रहूँगा।” “बच्चे मेरी बात मानेंगे तो मैं अच्छा पिता हूँ।” ऐसे में अपेक्षा जितनी अधिक होगी,निराशा उतनी ही गहरी होगी l 

2.संवाद का अभाव - लोग सुनते कम हैं, जवाब ज्यादा देते हैं। समझते कम हैं, निर्णय ज्यादा सुनाते हैं। संवाद का अभाव रिश्तों की छोटी सी दरार को गहरी खाईं में बदल देता है l 

3.तुलना - “देखो, फलां का बेटा कैसा है।”“देखो, फलां की पत्नी कैसी है।” “देखो, दूसरे का परिवार कितना खुश है।” सोशल मीडिया की मुस्कान देखकर अपने घर को नर्क मत समझिए। हर घर में संघर्ष है—बस कुछ लोग उसे छिपाकर रखते है | 

4.अहंकार - अहंकार क्या है? अहंकार वह भावना है जो अंदर से कहती है —“मैं सही हूँ, बाकी सब गलत हैं।” यह धीरे-धीरे रिश्तों की जड़ में लगने वाली दीमक है। दिखता नहीं, पर सब कुछ खोखला कर देता है। अहंकार ही छोटी - छोटी बातों को बड़ा रूप देकर व्यक्ति को ना झुकने के लिए उकसाता है l अहंकार कहता है—“मैं क्यों झुकूँ?” लेकिन याद रखे जो झुकते नहीं है वो अक्सर टूट जाते है l 


जब परिवार में तनाव बढ़ता है, मन पलायन चाहता है। कोई नशे में शरण लेता है ,कोई अवैध संबंधों की ओर बढ़ता है, कोई घर छोड़ देता है तो कोई मानसिक अवसाद में डूब जाता है। लेकिन ये सब ‘पेनकिलर’ हैं, इलाज नहीं। अवैध सम्बन्ध क्षणिक रोमांच देता है - लेकिन स्थायी अपराधबोध भी देता है। नशा आपको समस्या से दूर नहीं ले जाता, आपको समस्या बना देता है। घर छोड़ देना भी समाधान नही,अपितु पलायन है। समस्या से भागने से समस्या खत्म नहीं होती, वह आपके साथ चलती है। यदि आप यहाँ असंतुलित एवंअशांत हैं -  तो कहीं भी शांत एवं संतुलित नहीं रह पाएंगे जब तक भीतर परिवर्तन न हो।

गृहस्थ जीवन को सबसे कठिन साधना माना जाता है l हिमालय में शांत रहना आसान है। घर के शोर में शांत रहना कठिन है। इसीलिए प्राचीन ऋषियों ने गृहस्थ जीवन को महान साधना कहा है। घर में - आपको धैर्य सीखना है, क्षमा सीखनी है ,संवाद सीखना है, समर्पण सीखना है। आपका जीवनसाथी, आपके बच्चे, आपके माता-पिता -  ये सब आपके आध्यात्मिक शिक्षक हैं।

Meditation for emotional balance and self-control

 💙जब जीवन में तूफान आए तो क्या नहीं करें ?

1.बोले नहीं, मौन हो जाये l गुस्से में बोले गए शब्द रिश्ते की हत्या करते हैं। मौन कमजोरी नहीं—संयम है।

2.गुस्से में 24 घंटे तक कोई बड़ा निर्णय नहीं ले ,न तलाक की धमकी ,न घर छोड़ना और न ही संबंध तोड़ने की घोषणा। 24 घंटे बाद सोचिए। अधिकांश निर्णय बदल जाएंगे।

3. पारिवारिक संघर्ष का असर बच्चों पर नहीं आने दे l परिवार का हर संघर्ष बच्चों के मन पर छाप छोड़ता है। बच्चे शब्द नहीं, व्यवहार सीखते हैं। यदि वे रोज़ अपमान, चिल्लाहट और कटुता देखेंगे—तो वे या तो डरपोक बनेंगे या आक्रामक। आपके घर का वातावरण उनकी पूरी जिंदगी को प्रभावित कर सकता है।


💙ऐसी स्थिति में निम्न आध्यात्मिक उपाय अपनाये -

यह सबसे अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह वास्तव में प्रभावी सिद्ध होता है। जब जीवन रूपी नौका तूफ़ानों में घिर जाए, परिस्थितियाँ प्रतिकूल हो जाएँ, और हर दिशा से संघर्ष दिखाई दे - तब व्यक्ति को घबराने या निराश होने की बजाय यह समझ लेना चाहिए कि संभवतः उसके पूर्व संचित पुण्यों का प्रभाव क्षीण हो रहा है और पूर्व के पापकर्मों का फल उदित हो रहा है। ऐसी अवस्था से उबरने का सर्वोत्तम उपाय क्या है ? अपने वर्तमान में पुनः शुभ कर्मों का पलड़ा भारी करना ,अर्थात् अपने सद्कर्मों का “वेटेज” बढ़ाना।

आध्यात्मिक मान्यता के अनुसार मनुष्य पहले अपने संचित शुभ कर्मों का फल भोगता है और उसके पश्चात् अशुभ कर्मों का फल सामने आता है। इसलिए यदि हम निरंतर अपने अच्छे कर्मों की मात्रा और गुणवत्ता दोनों बढ़ाते रहें, तो जीवन में संतुलन सकारात्मक दिशा में बना रहेगा। यदि हमारे जीवन में सदैव सद्कर्मों का पलड़ा भारी रहेगा, तो अशुभ फल हमें प्रभावित अवश्य करेंगे, परंतु पराजित नहीं कर पाएँगे।

अतः जब भी जीवन में कठिन समय आए, इसे दुर्भाग्य मानकर टूटने की बजाय यह संकल्प लें कि अब से अपने कर्मों को और श्रेष्ठ बनाना है -  क्योंकि वर्तमान के श्रेष्ठ कर्म ही भविष्य के शुभ फल का आधार बनते हैं।


1 नियमित सेवा कार्य -

यह संकट को अवसर में बदलने का संकल्प है l जब जीवन झंझावातों से गुजर रहा हो, परिस्थितियाँ प्रतिकूल हों और मन बार-बार टूटने लगे, तब उसी क्षण एक दृढ़ निश्चय कर लेना चाहिए -  मुझे किसी भी परिस्थिति में बिखरना नहीं है, बल्कि और अधिक निखरना है। कठिन समय हमें गिराने नहीं, गढ़ने आता है।

ऐसे दौर में व्यक्ति अक्सर हताशा, क्रोध या गलत संगति के कारण गलत रास्तों की ओर बढ़ सकता है और अपने समय, ऊर्जा तथा संसाधनों का दुरुपयोग कर बैठता है। ऐसे कठिन समय के दौरान कुछ लोग भाग्यवादी होकर ज्योतिष ,तंत्र-मंत्र और बाबाओं इत्यादि की शरण में चले जाते है ,वे उनका जमकर शोषण करते है | कोई भी ज्योतिषी हमारे ग्रहों की दिशा या उनका प्रभाव नहीं बदल सकता है | उस समय हमें सिर्फ अपनी दिशा बदलने की आवश्यकता होती है - यदि हम अपने समय व साधनों को निरीह एवं मूक प्राणियों की सेवा, गरीब एवं जरुरत मंद व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने, या समाज हित के किसी रचनात्मक कार्य में लगाएँ -  तो वह संकट हमारे चरित्र को ऊँचा उठाने का माध्यम बन सकता है।

यह संकल्प लें कि मैं अपनी आय का कम से कम 5% प्रतिमाह सेवा कार्यों में समर्पित करूँगा। इसके लिए अलग से एक SIP फंड या सेवा-निधि बनाई जा सकती है, जिससे नियमित और योजनाबद्ध रूप से सहयोग दिया जा सके।
जब हम निस्वार्थ भाव से देने लगते हैं, तो भीतर का बोझ हल्का होने लगता है। परिणामस्वरूप प्रकृति अपना संतुलन स्वयं स्थापित करती है — और कुछ ही समय में जीवन का धुंधलापन छँटने लगता है, आसमान साफ दिखाई देने लगता है, और भीतर एक नई शांति व शक्ति का जन्म होता है।

Selfless service brings inner peace


2.मेडिटेशन -

पारिवारिक या दाम्पत्य जीवन में झगड़ो के पीछे अक्सर जो कारण होते हैं वे है - तुरंत प्रतिक्रिया (impulsive reaction), “मैं सही हूँ” की जिद, पुराने घाव (past hurt), अपेक्षाएँ (expectations), संवाद की कमी इत्यादि l "मैडिटेशन इन सबकी जड़ यानि "अचेत प्रतिक्रिया " पर काम करता है। नियमित मेडिटेशन से व्यक्ति प्रतिक्रिया ( reaction ) के स्थान पर अनुक्रिया ( response ) करना सीखता है l

नियमित "मेडिटेशन" भावनाओं की तीव्रता को कम करता है जिससे क्रोध,अहंकार,असुरक्षा एवं संदेह कम होता है, सुनने की क्षमता बढ़ती है l रिश्तों में सबसे बड़ी कमी “सुनना” होती है। बहुत बार वर्तमान झगड़ा, अतीत की किसी अनसुलझी पीड़ा को छू देता है। "ध्यान" उस पीड़ा को दबाने की बजाय देखने की क्षमता देता है।

इसके लिए प्रतिदिन 10-15 मिनट साक्षी भाव से साँसो पर ध्यान करना प्रारंभ करें l तीन सप्ताह पश्चात् ही परिणाम दिखाई देना शुरू कर देंगे l सम्पूर्ण परिवार या दंपत्ति यदि संयुक्त मेडिटेशन करें तो परिणाम और ज्यादा जल्दी एवं अच्छे आएंगे l इस दुनिया में केवल नियमित मेडिटेशन ही इन्सान की प्रवत्ति और स्वभाव को बदल सकता है | 


3.प्रकृति का सानिध्य -

हर झगड़े के पीछे एक “भावनात्मक तापमान” होता है। घर की चार दीवारों में वह तापमान बढ़ता है। लेकिन जब व्यक्ति पार्क में टहलते हैं, पेड़ों के बीच बैठते हैं, सूर्यास्त देखते हैं ,पक्षियों की आवाज़ सुनते हैं तो शरीर में तनाव हार्मोन (cortisol) कम होने लगते हैं। मन स्वतः शांत होता है - और शांत मन में संवाद आसान होता है।

प्रकृति के सामने व्यक्ति छोटा महसूस करता है - विशाल आकाश, बहती हवा, पहाड़, नदी…यह अनुभव भीतर के “मैं” को ढीला करता है। पारिवारिक एवं दाम्पत्य जीवन में अधिकांश संघर्ष “मैं सही हूँ” से शुरू होते हैं। प्रकृति यह जिद कम करती है।  घर में बातचीत अक्सर आरोपों के बीच होती है। प्रकृति में बातचीत सहज हो जाती है। परिवेश बदलने से शब्दों का स्वर भी बदल जाता है।

4. स्वीकार करें और क्षमा करे -

जो भी वर्तमान में आपके साथ घटित हो रहा है ,उसे यह मानकर स्वीकार करे कि ये असलियत में हमारे ही कर्म है जो उस व्यक्ति ,घटना या परिस्थितियों के माध्यम से हमें कर्मफल लौटाने आये है | इन्हें अपने पूर्वकर्म अर्थात प्रारब्ध को भुगतने का माध्यम मानकर उसके भीतर छिपी हुई सीख को ग्रहण करना चाहिए | साथ ही क्षमा सीखने का अभ्यास करें क्योंकि क्षमा करने का अर्थ यह नहीं कि दूसरा सही है। अर्थ यह है कि आप अपनी शांति को प्राथमिकता दे रहे हैं। यहाँ भी अहंकार कहता है — “माफी माँगना कमजोरी है।” लेकिन सच क्या है ? माफी ताकत है।

Finding peace and clarity through nature


5 .स्वास्थ्य और नियमित ईश आराधना -

स्वास्थ्य को प्रथम प्राथमिकता दे - लगातार बने रहने वाला पारिवारिक तनाव स्वास्थ्य को गंभीरता से प्रभावित करता है l नियमित दोनों समय की वाकिंग तनाव के स्तर को कम करती है l रोजाना सूर्य नमस्कार योग एवं प्राणायाम  अवश्य करें l  नियमित रूप से सुबह-शाम ईश्वर की आराधना अवश्य करें ,तरीका कुछ भी हो सकता है l

लेकिन कभी-कभी संबंध इतने विषाक्त हो जाते हैं कि दूरी ही समाधान लगता है। ऐसी स्थिति में भी - घृणा के साथ नहीं, परिपक्वता के साथ निर्णय लें। क्रोध में लिया गया निर्णय जीवन भर पछतावा देता है। शांति में लिया गया निर्णय सम्मान देता है।


दोस्तों, परिवार कोई सुविधा नहीं है। यह आत्म-विकास की प्रयोगशाला या स्कूल है। यहाँ रोज़ आपका अहंकार पिघलता है। यहाँ रोज़ आपके धैर्य की परीक्षा होती है, यहाँ रोज़ प्रेम जन्म लेता है।

निर्णय आपका है - क्या आप हर बहस जीतना चाहते हैं या अपना घर बचाना चाहते हैं ? क्या आप सही साबित होना चाहते हैं या संबंध सही रखना चाहते हैं ? आज निर्णय लीजिए - मैं भागूँगा नहीं ,मैं प्रतिक्रिया नहीं दूँगा, अनुक्रिया दूँगा। मैं अपने अहंकार को अपने परिवार से बड़ा नहीं होने दूँगा।

याद रखिए कि- तूफान घर गिराने नहीं आते , वे जड़ों की मजबूती परखने आते हैं। और जो परिवार संघर्ष में भी एक-दूसरे का हाथ नहीं छोड़ता ,उसे कोई परिस्थिति हरा नहीं सकती है |  

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

टेस्ला कोड या दिव्य नंबर "369" से सफलता कैसे प्राप्त करें

अब्राहम हिक्स की तकनीक से 17 सेकंड में,जो चाहे वह प्राप्त करें |

अष्टावक्र गीता- सुनते-सुनते आत्मज्ञान हो जाएगा

"अहम् ब्रह्मास्मि" के महान उद्घोषक : श्री निसर्गदत्त महाराज

जब कुछ समझ ना आये तो इंतजार न करे,बस शुरू कर दे।

क्या नियति (destiny) को बदला जा सकता है ?

दौलत के खेल का बेसिक नियम : दौलत की प्रशंसा करें

आत्मज्ञान प्राप्ति के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा हमारा मन है |

मृत्यु क्या है,क्यूँ हम इससे सहज नहीं हो पाते

धन -संपत्ति प्राप्ति के सार्वभौमिक एवं अटल नियम