दूसरों की जिंदगी देखते-देखते अपनी जिंदगी जीना मत भूलिए ! एकाग्रता की शक्ति को पहचानिए।

withrbansal

सोशल मीडिया - समय का चोर ही नहीं, आपकी एकाग्रता का सबसे बड़ा दुश्मन भी ! जानिए Deep Work और The ONE Thing से जीवन को बदलने का तरीका

दोस्तों, क्या आपने कभी सोचा है कि हमारे पास पहले से कहीं अधिक सुविधाएं, सूचनाएं और संसाधन उपलब्ध हैं, फिर भी हम पहले की तुलना में कम एकाग्रचित्त, अधिक व्यस्त और मानसिक रूप से अधिक थके हुए क्यों हैं ? सुबह आंख खुलते ही मोबाइल हाथ में आ जाता है। किसी का व्हाट्सऐप संदेश देखना है, फेसबुक पर कुछ नया आया है या नहीं, इंस्टाग्राम पर किसने क्या पोस्ट किया है, किसी वीडियो को देखना है या किसी समाचार की जानकारी लेनी है। देखते-देखते दस मिनट आधे घंटे में बदल जाते हैं। हम सोचते हैं कि केवल पांच मिनट सोशल मीडिया देखेंगे, लेकिन पता ही नहीं चलता कि कब हमारा कीमती समय निकल गया।

दोस्तों, सबसे बड़ी समस्या यह नहीं है कि हमने आधा घंटा सोशल मीडिया पर बिता दिया। वास्तविक समस्या यह है कि उस आधे घंटे के बाद भी हमारा मन वहीं अटका रहता है। किसी की सफलता, किसी की विदेश यात्रा, किसी की नई गाड़ी, किसी की उपलब्धि या कोई नकारात्मक समाचार हमारे विचारों में घूमता रहता है। हम मोबाइल तो रख देते हैं, लेकिन हमारा ध्यान वापस अपने काम पर नहीं लौटता। यही वह अदृश्य नुकसान है, जिसे सामान्यतः हम समझ नहीं पाते।


"आपका ध्यान आपकी सबसे बड़ी पूंजी है, इसे सोशल मीडिया के हवाले मत कीजिए!"


सोशल मीडिया हमारा समय ही नहीं चुराता, वह हमारी एकाग्रता को छोटे-छोटे टुकड़ों में बांट देता है।
और जब एकाग्रता बिखर जाती है, तो हमारी कार्यक्षमता, रचनात्मकता, सीखने की क्षमता और जीवन में कुछ महत्वपूर्ण हासिल करने की संभावना भी प्रभावित होने लगती है।

प्रसिद्ध लेखक कैल न्यूपोर्ट की पुस्तक Deep Work और गैरी केलर तथा जे पैपासन की पुस्तक The ONE Thing हमें इसी समस्या का समाधान खोजने का रास्ता दिखाती हैं। इन दोनों पुस्तकों का एक महत्वपूर्ण संदेश है  -
असाधारण परिणाम पाने के लिए अधिक काम करना आवश्यक नहीं है, बल्कि सही काम को पूरी एकाग्रता के साथ करना आवश्यक है। 
आइए, इस विचार को अपने दैनिक जीवन से जोड़कर समझते हैं।

1. हम व्यस्त तो हैं, लेकिन क्या वास्तव में उत्पादक हैं ?

आज अधिकांश लोगों का दिन बहुत व्यस्तता में गुजरता है। सुबह से शाम तक मोबाइल, फोन कॉल, ईमेल, व्हाट्सऐप, मीटिंग, सोशल मीडिया और दूसरे छोटे-बड़े कामों का सिलसिला चलता रहता है। दिन के अंत में हम थक जाते हैं, हमें लगता है कि आज बहुत काम किया लेकिन यदि स्वयं से एक प्रश्न पूछें कि आज ऐसा कौन-सा महत्वपूर्ण काम किया, जिससे हमारे जीवन, करियर, व्यवसाय या भविष्य में वास्तविक प्रगति हुई, तो संभव है कि हमारे पास कोई स्पष्ट उत्तर न हो। इसका कारण है कि हम व्यस्तता को उत्पादकता समझने की भूल कर रहे हैं। व्यस्त रहना और उपयोगी परिणाम प्राप्त करना दो अलग-अलग बातें हैं।

उदाहरण के लिए एक व्यक्ति दिन में 50 व्हाट्सऐप संदेशों का जवाब देता है, फेसबुक पर कई पोस्ट देखता है, अनेक वीडियो देखता है और लगातार फोन पर बातचीत करता है। दूसरा व्यक्ति दिन में केवल दो घंटे किसी महत्वपूर्ण विषय को सीखने, अपने व्यवसाय की योजना बनाने, लेख लिखने या किसी जटिल समस्या का समाधान निकालने में लगाता है। 

पहला व्यक्ति अधिक व्यस्त दिखाई दे सकता है, लेकिन दूसरा व्यक्ति अपने भविष्य के निर्माण में अधिक योगदान दे रहा है | यही अंतर है व्यस्तता और वास्तविक उत्पादकता में। हमें यह समझना होगा कि हर गतिविधि महत्वपूर्ण नहीं होती और हर व्यस्तता प्रगति नहीं होती। कभी-कभी हमें अपनी गति बढ़ाने की नहीं, बल्कि अपनी दिशा ठीक करने की आवश्यकता होती है।

2. एकाग्रता ही सफलता की असली ताकत है | 

कैल न्यूपोर्ट अपनी पुस्तक Deep Work में एक महत्वपूर्ण अवधारणा प्रस्तुत करते हैं। उनके अनुसार Deep Work ऐसी कार्यप्रणाली है, जिसमें व्यक्ति बिना किसी व्यवधान के पूरी मानसिक क्षमता के साथ किसी चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण काम में लगा रहता है। इस दौरान उसका ध्यान किसी दूसरी गतिविधि में नहीं भटकता। वह केवल काम नहीं कर रहा होता, बल्कि अपनी पूरी बौद्धिक क्षमता का उपयोग कर रहा होता है।

उदाहरणार्थ एक विद्यार्थी जब मोबाइल बंद करके दो घंटे गणित के कठिन प्रश्नों को समझने में लगाता है, तो वह Deep Work कर रहा है। एक लेखक जब बिना किसी संदेश और फोन कॉल के व्यवधान के लगातार तीन घंटे लिखता है, तो वह Deep Work कर रहा है। एक व्यवसायी जब बाजार की परिस्थितियों, भविष्य की संभावनाओं और निवेश की रणनीति पर गंभीरता से विचार करता है, तो वह Deep Work कर रहा है। एक कर्मचारी जब किसी जटिल समस्या का समाधान खोजने के लिए पूरी एकाग्रता से काम करता है, तो वह भी Deep Work कर रहा है।

इसका अर्थ है कि Deep Work केवल बड़े वैज्ञानिकों, लेखकों या विद्वानों के लिए नहीं है। यह हर उस व्यक्ति के लिए उपयोगी है, जो अपने काम में बेहतर परिणाम प्राप्त करना चाहता है। न्यूपोर्ट का मानना है कि आज के डिजिटल युग में गहरी एकाग्रता के साथ काम करने की क्षमता पहले से अधिक मूल्यवान हो गई है, जबकि लगातार मिलने वाले डिजिटल व्यवधानों के कारण यह क्षमता दुर्लभ होती जा रही है।

इसका सीधा अर्थ है कि यदि आप दूसरों की तुलना में अधिक समय तक किसी महत्वपूर्ण काम पर एकाग्र रह सकते हैं, तो आप अपने क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर सकते हैं। आज प्रतिस्पर्धा केवल ज्ञान की नहीं है, बल्कि अपने ज्ञान का उपयोग करने के लिए आवश्यक एकाग्रता की भी है।


यह भी पढ़े - जीवन से खुशियाँ नहीं, समस्याएँ माँगो

3. सोशल मीडिया हमारी एकाग्रता को कैसे कमजोर करता है ?

सोशल मीडिया का सबसे बड़ा प्रभाव यह है कि यह हमारे मस्तिष्क को लगातार कुछ नया देखने और जानने की आदत डाल देता है। एक पोस्ट देखी ..... फिर दूसरी..... एक वीडियो समाप्त हुआ......दूसरा सामने आ गया..... एक समाचार पढ़ा..... फिर उससे जुड़ी दूसरी खबर दिखाई देने लगी। इस प्रक्रिया का कोई निश्चित अंत नहीं है। हम स्वयं तय नहीं करते कि हमें कितना देखना है। कई बार अगली सामग्री हमें स्वय आकर्षित कर लेती है। धीरे-धीरे हमारा मन लगातार बदलती हुई सूचनाओं का आदी होने लगता है। इसके कुछ गंभीर परिणाम सामने आते हैं- 

प्रथम-लंबे समय तक ध्यान लगाने में कठिनाई।

जब हम बार-बार मोबाइल देखते हैं, तो किसी एक काम पर लंबे समय तक ध्यान बनाए रखना कठिन महसूस हो सकता है। किताब पढ़ते समय मन मोबाइल की तरफ जाने लगता है। किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज को पढ़ते समय व्हाट्सऐप देखने की इच्छा होती है। किसी योजना पर विचार करते समय अचानक सोशल मीडिया खोलने का मन करता है | 

दूसरा -अधूरे कामों की बढ़ती संख्या।

हम एक काम शुरू करते हैं, फिर मोबाइल की सूचना आती है। हम उसे देखते हैं। इसके बाद किसी दूसरे विषय में उलझ जाते हैं। जब वापस मूल काम पर आते हैं, तो दोबारा उसी मानसिक स्थिति में पहुंचने में समय लगता है। इस तरह एक छोटा-सा व्यवधान भी हमारी कार्यप्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।

तीसरा - मानसिक थकान।

लगातार सूचनाएं प्राप्त करना, अलग-अलग विषयों पर विचार करना और दूसरों की गतिविधियों को देखते रहना मानसिक ऊर्जा का उपयोग करता है l दिन समाप्त होने तक हम थका हुआ महसूस कर सकते हैं, जबकि हमने कोई विशेष महत्वपूर्ण काम भी नहीं किया होता।

चौथा-  तुलना और असंतोष।

सोशल मीडिया पर अधिकांश लोग अपने जीवन के अच्छे और आकर्षक क्षण ही दिखाते हैं। किसी की विदेश यात्रा, किसी का शानदार घर, किसी की नई कार, किसी की उपलब्धि और किसी की खुशहाल तस्वीरें देखकर हम अनजाने में अपने जीवन की तुलना करने लगते हैं। हम भूल जाते हैं कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाला जीवन किसी व्यक्ति के पूरे जीवन का प्रतिनिधित्व नहीं करता। इसका परिणाम यह हो सकता है कि हमारे पास जो है, उसकी खुशी कम होने लगे और जो नहीं है, उसके प्रति असंतोष बढ़ने लगे।

पांचवां - स्वयं के बारे में सोचने का समय कम होना।

लगातार दूसरों के विचार पढ़ते रहने से हम अपने विचारों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। हम दूसरों की राय जानते हैं, दूसरों की उपलब्धियां देखते हैं, दूसरों की जिंदगी के बारे में सोचते हैं, लेकिन स्वयं से संवाद करना भूल जाते हैं। याद रखिए, जीवन में सही दिशा प्राप्त करने के लिए केवल जानकारी पर्याप्त नहीं है उसके लिए शांत मन से विचार करना भी आवश्यक है।

4. सबसे खतरनाक आदत -  हर खाली समय में मोबाइल देखना | 

कभी आपने ध्यान दिया है कि हम छोटी-सी प्रतीक्षा भी बिना मोबाइल के नहीं कर पाते ? किसी का इंतजार कर रहे हैं, मोबाइल निकाल लिया....लिफ्ट का इंतजार कर रहे हैं, मोबाइल निकाल लिया......खाना आने में पांच मिनट लग रहे हैं, मोबाइल निकाल लिया......सुबह चाय पी रहे हैं, मोबाइल निकाल लिया.......रात को सोने से पहले मोबाइल निकाल लिया। यहां तक कि कभी-कभी हम बिना किसी उद्देश्य के मोबाइल खोलते हैं और फिर स्वयं ही भूल जाते हैं कि इसे खोला क्यों था। यह आदत देखने में सामान्य लगती है, लेकिन इसके पीछे एक गंभीर समस्या छिपी है। हमने अपने मन को खाली रहने की अनुमति देना लगभग बंद कर दिया है।

जब भी कुछ मिनट खाली मिलते हैं, हम उन्हें किसी न किसी डिजिटल सामग्री से भर देते हैं। लेकिन विचारों का विकास, रचनात्मकता और आत्मचिंतन अक्सर इसी खाली समय में होते हैं। जब हम शांत बैठते हैं, तो मस्तिष्क को पिछले अनुभवों पर विचार करने, समस्याओं के समाधान खोजने और भविष्य की योजनाएं बनाने का अवसर मिलता है। यदि हर खाली क्षण में मोबाइल हमारा ध्यान खींच लेगा, तो स्वयं के साथ बिताने के लिए समय ही कहां बचेगा l इसलिए कभी-कभी बिना मोबाइल के बैठना भी एक महत्वपूर्ण अभ्यास है। खाली समय बर्बाद नहीं होता, यदि उसमें आपका मन स्वयं के साथ संवाद कर रहा हो।

यह भी पढ़े - मृत्यु पूर्व अनुभव : आउट ऑफ़ बॉडी एक्सपीरियंस

5. The ONE Thing -  हर काम महत्वपूर्ण नहीं होता है | 

गैरी केलर और जे पैपासन की पुस्तक The ONE Thing सफलता का एक अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्धांत प्रस्तुत करती है। इस पुस्तक का मूल विचार है कि हमें एक समय में सबसे महत्वपूर्ण काम की पहचान करके उसी पर अपना ध्यान और ऊर्जा केंद्रित करनी चाहिए। हमारे सामने हमेशा अनेक विकल्प होते हैं। बहुत सारे काम करने होते हैं। अनेक योजनाएं होती हैं। कई इच्छाएं होती हैं। लेकिन क्या वे सभी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं? निश्चित रूप से नहीं। 

इस पुस्तक में एक महत्वपूर्ण Focusing Question प्रस्तुत किया गया है  कि -  "ऐसा कौन-सा एक काम है, जिसे मैं अभी कर सकता हूं, जिससे बाकी काम आसान हो जाएंगे या उनकी आवश्यकता ही नहीं रहेगी ?" यह प्रश्न जितना सरल है, उतना ही प्रभावशाली भी है। इसे अपने जीवन में लागू करके देखिए।

यदि आप विद्यार्थी हैं, तो आपका ONE Thing क्या है ? शायद वह विषय, जिसमें आपकी सबसे अधिक कमजोरी है और जिसमें सुधार होने से आपके पूरे परिणाम बेहतर हो सकते हैं। 

यदि आप नौकरी करते हैं, तो आपका ONE Thing क्या है ? वह महत्वपूर्ण कौशल, जिसे सीखने से आपकी कार्यक्षमता और भविष्य की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। 

यदि आप व्यवसाय करते हैं, तो आपका ONE Thing क्या है? वह गतिविधि, जिससे आपके व्यवसाय की वास्तविक वृद्धि हो सकती है।

 यदि आप अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो आपका ONE Thing क्या है? नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन या पर्याप्त नींद जैसी वह आदत, जो आपके स्वास्थ्य में सबसे अधिक सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।

 यदि आप आध्यात्मिक उन्नति चाहते हैं, तो आपका ONE Thing क्या है? नियमित ध्यान, स्वाध्याय, आत्मचिंतन या निस्वार्थ सेवा।

इस सिद्धांत की सुंदरता यह है कि यह हमें हर दिशा में भागने के बजाय सही दिशा में आगे बढ़ना सिखाता है। सफलता अधिक कामों को पूरा करने से नहीं, बल्कि सही कामों को प्राथमिकता देने से मिलती है।

6. Deep Work और The ONE Thing दोनों का संयुक्त संदेश | 

इन दोनों पुस्तकों के विचारों को एक साथ समझें तो जीवन को बेहतर बनाने का एक अत्यंत प्रभावी सूत्र सामने आता है। The ONE Thing हमें बताती है कि कौन-सा काम सबसे महत्वपूर्ण है और Deep Work हमें बताती है कि उस काम को पूरी एकाग्रता के साथ कैसे करना है। अर्थात् - पहले सही काम चुनिए, फिर उस काम के लिए समय निर्धारित कीजिए। उस समय सभी व्यवधानों को दूर कीजिए और पूरी मानसिक क्षमता के साथ उस काम में जुट जाइए।

मान लीजिए कि आपका लक्ष्य एक अच्छी पुस्तक लिखना है। आपने तय कर लिया कि रोज सुबह दो घंटे लेखन करेंगे लेकिन जैसे ही आप लिखने बैठते हैं, मोबाइल पर संदेश आने लगते हैं। आप एक संदेश पढ़ते हैं फिर फेसबुक खोलते हैं फिर किसी वीडियो को देखते हैं। आधे घंटे बाद आपको याद आता है कि आप लिखने बैठे थे। यहां आपकी समस्या समय की कमी नहीं है। आपकी समस्या प्राथमिकता और एकाग्रता की कमी है। 

यदि आप The ONE Thing के अनुसार लेखन को अपनी प्राथमिकता बनाएं और Deep Work के अनुसार दो घंटे बिना किसी व्यवधान के लेखन करें, तो कुछ महीनों में आपके परिणाम पूरी तरह बदल सकते हैं। यही सिद्धांत पढ़ाई, व्यवसाय, नौकरी, निवेश, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास के प्रत्येक क्षेत्र में लागू होता है।

7. मल्टीटास्किंग -  एक साथ बहुत कुछ करने का भ्रम है | 

आजकल हम गर्व से कहते हैं कि हम एक साथ कई काम कर सकते हैं। मोबाइल पर बात करते हुए ईमेल पढ़ना, टीवी देखते हुए सोशल मीडिया चलाना, भोजन करते हुए वीडियो देखना और काम करते हुए बार-बार संदेशों का जवाब देना। हमें लगता है कि इससे समय बचता है। लेकिन वास्तविकता यह है कि हमारा मस्तिष्क एक समय में कई जटिल कार्यों पर समान स्तर की एकाग्रता बनाए रखने में सक्षम नहीं होता। जब हम एक काम से दूसरे काम पर बार-बार जाते हैं, तो हमारा ध्यान भी बार-बार बदलता है।इससे काम की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और गलतियों की संभावना बढ़ सकती है।

उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यक्ति महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णय लेते समय लगातार सोशल मीडिया देख रहा है, तो संभव है कि वह आवश्यक तथ्यों का गहराई से विश्लेषण न कर पाए। इसी तरह कोई विद्यार्थी पढ़ाई करते समय हर दस मिनट में मोबाइल देखता है, तो उसे पढ़े हुए विषय को समझने और याद रखने में अधिक समय लग सकता है। 

इसलिए एक महत्वपूर्ण नियम बनाइए - एक समय में एक महत्वपूर्ण काम | जब भोजन करें, तो भोजन का आनंद लें , जब परिवार के साथ बैठें, तो परिवार को समय दें , जब पढ़ें, तो केवल पढ़ें , जब काम करें, तो काम करें और जब विश्राम करें, तो वास्तव में विश्राम करें। जीवन की गुणवत्ता भी इस बात पर निर्भर करती है कि हम किसी क्षण में कितनी पूरी तरह उपस्थित हैं।

यह भी पढ़े - जीवन के असली सुखों का उपभोग साधारण व्यक्ति ही करतें है |

8. एकाग्रता कोई जन्मजात प्रतिभा नहीं, विकसित की जाने वाली क्षमता है | 

बहुत से लोग कहते हैं कि हमारा मन एक जगह टिकता ही नहीं। हम अधिक देर तक किसी काम पर ध्यान नहीं लगा पाते। लेकिन यह मान लेना उचित नहीं कि एकाग्रता केवल कुछ विशेष लोगों में ही होती है। एकाग्रता भी अभ्यास से विकसित होने वाली क्षमता है। जैसे नियमित व्यायाम से शरीर मजबूत होता है, वैसे ही नियमित मानसिक अभ्यास से ध्यान लगाने की क्षमता बेहतर हो सकती है।

 कैल न्यूपोर्ट अपनी पुस्तक में Boredom यानी खालीपन और बिना उत्तेजना के समय बिताने की क्षमता को भी महत्वपूर्ण मानते हैं। उनका विचार है कि हमें अपने मस्तिष्क को हर थोड़ी देर में मनोरंजन या नई सूचना देने की आदत से बाहर निकालना चाहिए। इसके लिए कुछ सरल अभ्यास किए जा सकते हैं।

1. बिना मोबाइल के टहलें।

प्रतिदिन 15-20 मिनट मोबाइल के बिना टहलने की आदत डालें। इस दौरान संगीत, वीडियो या फोन कॉल की आवश्यकता न रखें। अपने आसपास के वातावरण को देखें और विचारों को स्वतंत्र रूप से आने-जाने दें।

2. एक समय में एक पुस्तक पढ़ें।

प्रतिदिन कम से कम 20-30 मिनट पुस्तक पढ़ें। पढ़ते समय मोबाइल को अपने पास न रखें। शुरुआत में मन भटकेगा, लेकिन धीरे-धीरे पढ़ने की क्षमता बेहतर हो सकती है।

3. ध्यान का अभ्यास करें।

प्रतिदिन 10-15 मिनट श्वास पर ध्यान केंद्रित करें। जब मन भटके, तो उसे बिना परेशान हुए वापस श्वास पर ले आएं। यह अभ्यास हमें अपने ध्यान को पहचानने और उसे वापस लाने का अवसर देता है।

4. प्रतीक्षा के समय मोबाइल न निकालें।

यदि किसी के आने में दस मिनट लग रहे हैं, तो उन दस मिनटों को मोबाइल देखने में खर्च करना आवश्यक नहीं है। कभी शांत बैठें, कभी आसपास देखें और कभी अपने विचारों को व्यवस्थित करें।

5. एक काम पूरा होने के बाद दूसरा काम शुरू करें।

बार-बार अधूरे काम बदलने के बजाय एक कार्य को पूरा करने की आदत विकसित करें। याद रखिए, एकाग्रता बढ़ाने का अर्थ केवल मोबाइल कम चलाना नहीं है। इसका अर्थ है अपने ध्यान पर स्वयं का नियंत्रण स्थापित करना।

9. सोशल मीडिया को छोड़ना जरूरी नहीं, उसे नियंत्रित करना जरूरी है | 

यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना आवश्यक है l सोशल मीडिया अपने आप में बुरा नहीं है। इसके अनेक सकारात्मक उपयोग भी हैं। इसके माध्यम से हम ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं, नए लोगों से जुड़ सकते हैं, अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं, सामाजिक अभियानों का प्रचार कर सकते हैं और अपने विचारों को व्यापक समाज तक पहुंचा सकते हैं। 

समस्या तब पैदा होती है, जब सोशल मीडिया हमारे उपयोग का माध्यम न रहकर हमारी आदतों को नियंत्रित करने लगता है। इसलिए उद्देश्य सोशल मीडिया से पूरी तरह भागना नहीं, बल्कि उसे अपने जीवन में उचित स्थान देना है। इस संबंध में कुछ व्यावहारिक नियम अपनाए जा सकते हैं।

 1. सुबह उठते ही मोबाइल नहीं।

दिन की शुरुआत सोशल मीडिया से नहीं, स्वयं से करें। सुबह उठकर कुछ समय प्रार्थना, ध्यान, व्यायाम, अध्ययन या परिवार के साथ बिताएं। सुबह का पहला घंटा आपके मानसिक स्वास्थ्य और पूरे दिन की दिशा को प्रभावित कर सकता है।

 2. सोशल मीडिया देखने का निश्चित समय रखें।

दिनभर बार-बार मोबाइल खोलने के बजाय सोशल मीडिया के लिए निश्चित समय निर्धारित करें। उदाहरण के लिए, दोपहर में 15 मिनट और शाम को 20 मिनट। यह समय आपकी आवश्यकता के अनुसार बदला जा सकता है।

 3. अनावश्यक नोटिफिकेशन बंद करें।

हर संदेश तत्काल देखना जरूरी नहीं है। केवल आवश्यक फोन कॉल और जरूरी सूचनाओं को प्राथमिकता दें। फेसबुक, इंस्टाग्राम और दूसरे गैर-जरूरी ऐप्स के नोटिफिकेशन बंद कर दें।

 4. मोबाइल को काम की जगह से दूर रखें।

यदि आपको किसी महत्वपूर्ण विषय पर दो घंटे काम करना है, तो मोबाइल को दूसरे कमरे में रख दें। केवल साइलेंट मोड पर रखना पर्याप्त नहीं हो सकता, क्योंकि स्क्रीन पर आने वाली छोटी-सी रोशनी भी ध्यान खींच सकती है।

 5. सोने से पहले मोबाइल से दूरी।

सोने से कम से कम 30-60 मिनट पहले सोशल मीडिया बंद करने का प्रयास करें। इस समय का उपयोग पुस्तक पढ़ने, परिवार से बातचीत करने या दिनभर की गतिविधियों पर विचार करने में करें।

10. तकनीक का उपयोग करें, तकनीक को अपना उपयोग न करने दें |

Deep Work के लेखक कैल न्यूपोर्ट ने अपनी एक अन्य पुस्तक Digital Minimalism में भी डिजिटल जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किया है। इसका मूल संदेश है कि जीवन में तकनीक का उपयोग सोच-समझकर और उद्देश्य के अनुसार होना चाहिए। हमें यह तय करना चाहिए कि कौन-सी डिजिटल सुविधा वास्तव में हमारे जीवन में मूल्य जोड़ती है और कौन-सी केवल हमारा समय लेती है।

कुछ बातों पर विचार करें - क्या आपको दिन में 25 बार फेसबुक खोलने की आवश्यकता है ? क्या हर व्हाट्सऐप ग्रुप में सक्रिय रहना जरूरी है ? क्या प्रत्येक वायरल वीडियो देखना आवश्यक है ? क्या हर समाचार पर तत्काल प्रतिक्रिया देना जरूरी है ? क्या हर व्यक्ति की पोस्ट पर टिप्पणी करना आवश्यक है ? इन प्रश्नों का उत्तर स्वयं से पूछिए। 

हो सकता है कि आपकी अधिकांश डिजिटल गतिविधियां ऐसी हों, जिनके बिना भी आपका जीवन सामान्य और बेहतर तरीके से चल सकता है। कुछ ऐसे ग्रुप छोड़ दीजिए, जिनसे आपको कोई उपयोगी जानकारी नहीं मिलती.....अनावश्यक ऐप्स हटाइए......सोशल मीडिया पर उन लोगों और पेजों को प्राथमिकता दीजिए, जिनसे आपको ज्ञान, प्रेरणा या वास्तविक लाभ मिलता है। तकनीक का उद्देश्य हमारे जीवन को आसान बनाना है, न कि जीवन का अधिकांश समय उसी में खर्च कर देना।


11. समय से अधिक महत्वपूर्ण है ध्यान | 

हम अक्सर कहते हैं कि हमारे पास समय नहीं है l लेकिन क्या वास्तव में समय की कमी है ? दिन के 24 घंटे सभी के पास समान हैं। अंतर इस बात का है कि हम अपने समय और ध्यान का उपयोग कैसे करते हैं। 

मान लीजिए कि किसी व्यक्ति के पास प्रतिदिन तीन घंटे खाली समय है। वह इन तीन घंटों में लगातार सोशल मीडिया देखता है, इधर-उधर की बातचीत करता है और बिना उद्देश्य के मोबाइल चलाता है।
दूसरा व्यक्ति उन्हीं तीन घंटों में एक घंटा पढ़ाई, एक घंटा किसी कौशल को सीखने और एक घंटा अपने महत्वपूर्ण लक्ष्य पर काम करने में लगाता है।

एक महीने बाद दोनों के जीवन में अंतर दिखाई देने लगेगा। एक वर्ष बाद यह अंतर और बड़ा हो सकता है। पांच वर्ष बाद दोनों के ज्ञान, कौशल, सोच और उपलब्धियों में बहुत बड़ा अंतर हो सकता है।

इसलिए समय का सदुपयोग केवल घड़ी देखने से नहीं होता, समय का वास्तविक सदुपयोग तब होता है, जब उस समय आपका ध्यान भी सही दिशा में लगा हो। आपका ध्यान आपकी सबसे मूल्यवान पूंजी है, इसे जहां लगाएंगे, आपका जीवन धीरे-धीरे उसी दिशा में आगे बढ़ेगा।

12. जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ONE Thing की पहचान करें | 

The ONE Thing का सिद्धांत केवल व्यवसाय या नौकरी तक सीमित नहीं है। इसे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनाया जा सकता है l 
 
स्वास्थ्य - यदि आप अपने स्वास्थ्य में सुधार चाहते हैं, तो एक साथ दस बदलाव करने की आवश्यकता नहीं है। पहले अपनी सबसे महत्वपूर्ण आदत पहचानिए। यदि आपकी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधि की कमी है, तो प्रतिदिन 30 मिनट पैदल चलने से शुरुआत कीजिए। यदि भोजन अनियमित है, तो पहले भोजन की गुणवत्ता और समय सुधारिए। छोटे लेकिन नियमित कदम आगे चलकर बड़े परिणाम दे सकते हैं।

 आर्थिक उन्नति - यदि आप आर्थिक रूप से मजबूत होना चाहते हैं, तो केवल शेयर बाजार की खबरें देखते रहना पर्याप्त नहीं है। अपने खर्चों का विश्लेषण कीजिए , बचत की आदत विकसित कीजिए, निवेश के बारे में ज्ञान प्राप्त कीजिए। अपनी आय बढ़ाने के लिए कोई उपयोगी कौशल विकसित कीजिए। इनमें से वह काम चुनिए, जो वर्तमान में आपकी आर्थिक स्थिति को सबसे अधिक बेहतर बना सकता है।

करियर और व्यवसाय - हर दिन अनेक छोटे काम करने के बजाय उस एक महत्वपूर्ण काम को प्राथमिकता दें, जो आपके करियर या व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सबसे अधिक सहायक हो सकता है। यह नया कौशल सीखना, ग्राहकों से संवाद करना, बाजार का अध्ययन करना या किसी महत्वपूर्ण योजना को लागू करना हो सकता है।

 परिवार - हम अक्सर परिवार के साथ रहते हुए भी मानसिक रूप से कहीं और होते हैं। मोबाइल हाथ में होता है और सामने परिवार का कोई सदस्य बातचीत कर रहा होता है। हम सुन तो रहे होते हैं, लेकिन पूरी तरह उपस्थित नहीं होते। इसलिए प्रतिदिन कुछ समय ऐसा निर्धारित करें, जिसमें मोबाइल अलग रखकर परिवार के साथ बातचीत करें। कभी-कभी परिवार को दिया गया आपका आधा घंटा भी पूरे दिन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि हो सकता है।

आध्यात्मिक जीवन - यदि आप आत्मिक शांति और आध्यात्मिक विकास चाहते हैं, तो केवल आध्यात्मिक वीडियो देखने और प्रवचन सुनने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा। प्रतिदिन कुछ समय ध्यान, स्वाध्याय, आत्मचिंतन और सेवा के लिए निर्धारित करें। दूसरों के विचार सुनना उपयोगी है, लेकिन स्वयं के भीतर उतरना भी आवश्यक है। आध्यात्मिकता केवल जानकारी प्राप्त करने का विषय नहीं, बल्कि जीवन में उसे उतारने की प्रक्रिया है।


13. सफलता का रहस्य - छोटे कदम और निरंतरता

The ONE Thing में एक महत्वपूर्ण विचार Domino Effect के माध्यम से समझाया गया है l जैसे एक छोटा डोमिनो अपने से बड़े डोमिनो को गिराने की शुरुआत कर सकता है, वैसे ही जीवन में एक सही आदत आगे चलकर अनेक सकारात्मक परिवर्तनों का कारण बन सकती है।

उदाहरण के लिए आपने प्रतिदिन सुबह 30 मिनट पढ़ने का निर्णय लिया.....पढ़ने से आपका ज्ञान बढ़ा......ज्ञान बढ़ने से सोच बेहतर हुई......सोच बेहतर होने से निर्णय बेहतर हुए......बेहतर निर्णयों से काम की गुणवत्ता सुधरी और काम की गुणवत्ता में सुधार से आपके जीवन में नए अवसर पैदा हुए। यह परिवर्तन किसी एक दिन में नहीं हुआ। इसकी शुरुआत केवल 30 मिनट की एक छोटी आदत से हुई थी। इसी प्रकार सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय कम करने का निर्णय भी आपके जीवन में अनेक सकारात्मक बदलावों की शुरुआत बन सकता है।

लेकिन यहां एक सावधानी जरूरी है। एक साथ बहुत सारे नियम बनाकर स्वयं पर दबाव न डालें। पहले एक बदलाव अपनाएं और उसे नियमित बनाएं। फिर धीरे-धीरे दूसरा बदलाव जोड़ें। जीवन बदलने के लिए हमेशा बड़े निर्णयों की आवश्यकता नहीं होती। कई बार एक छोटा निर्णय भी बड़े परिवर्तन की शुरुआत बन जाता है।

14. एकाग्रता को बढ़ाने के लिए एक व्यावहारिक योजना - 

दोस्तों अब तक हमने सिद्धांतों को समझा। लेकिन केवल पढ़ने और समझने से जीवन में परिवर्तन नहीं आएगा। इसके लिए आवश्यक है कि हम इसके लिए एक व्यावहारिक योजना बनायें l इस योजना के 04 चरण निम्न अनुसार हो सकते है - 

1. अपनी डिजिटल आदतों को पहचानें | 

प्रारम्भ में ही स्वयं को बदलने का दबाव न डालें।केवल यह देखें कि आप दिन में कितनी बार मोबाइल खोलते हैं। सोशल मीडिया पर कितना समय बिताते हैं। किस समय सबसे अधिक मोबाइल चलाते हैं।
कौन-से ऐप्स आपका सबसे अधिक समय लेते हैं।अपने मोबाइल के Screen Time फीचर में यह जानकारी देखें। यह अभ्यास आपको अपनी वास्तविक स्थिति समझने में मदद करेगा।

2. अनावश्यक डिजिटल गतिविधियों में कमी - 

अब अनावश्यक नोटिफिकेशन बंद करें। जिन ऐप्स का उपयोग बहुत कम है, उन्हें हटाएं। सोशल मीडिया देखने का निश्चित समय निर्धारित करें। सुबह उठने के बाद पहले 60 मिनट मोबाइल से दूरी रखने का प्रयास करें। रात को सोने से पहले भी मोबाइल का उपयोग ना करें या कम करें l 

3. Deep Work का अभ्यास

अब प्रतिदिन कम से कम एक घंटा ऐसा निर्धारित करें, जिसमें आप केवल अपने सबसे महत्वपूर्ण काम पर ध्यान दें। इस दौरान मोबाइल दूसरे कमरे में रखें....टीवी बंद रखें.....अनावश्यक बातचीत से बचें......एक समय में एक ही काम करें.....काम के लिए पहले से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें। शुरुआत में एक घंटा कठिन लगे तो 25-30 मिनट से शुरू करें, धीरे-धीरे अवधि बढ़ाएं।

4. The ONE Thing को जीवन में उतारें

अब प्रतिदिन सुबह स्वयं से पूछें आज ऐसा कौन-सा एक काम है, जिसे पूरा करने से मेरे जीवन में सबसे अधिक सकारात्मक प्रगति होगी ? उसे लिखें....उसके लिए निश्चित समय निर्धारित करें। दिन के महत्वपूर्ण हिस्से में उसे पूरा करने का प्रयास करें। दिन के अंत में स्वयं से पूछें कि क्या आज मैंने अपना सबसे महत्वपूर्ण काम पूरा किया ? यदि नहीं, तो क्या कारण रहा ?

 इस प्रकार आप अपनी आदतों को समझने और उनमें सुधार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा सकते हैं। ध्यान रखें, यह कोई प्रतियोगिता नहीं है। एक दिन नियम टूट जाए तो निराश न हों। अगले दिन फिर शुरुआत करें।


15. एक आदर्श दैनिक दिनचर्या कैसी हो सकती है ?

यदि हम Deep Work और The ONE Thing के विचारों को दैनिक जीवन में लागू करना चाहें, तो प्रत्येक व्यक्ति अपनी नौकरी, व्यवसाय, पारिवारिक जिम्मेदारियों और परिस्थितियों के अनुसार दिनचर्या बना सकता है। महत्वपूर्ण यह है कि दिन के सबसे अच्छे समय का उपयोग सबसे महत्वपूर्ण काम के लिए हो l 

16. बच्चों और युवाओं के लिए यह विषय और भी महत्वपूर्ण है | 

आज के बच्चों और युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक डिजिटल व्यवधान है। एक विद्यार्थी जब पढ़ने बैठता है, तो मोबाइल पर आने वाला एक मैसेज भी उसका ध्यान भटका सकता है।
वह पढ़ाई के बीच सोशल मीडिया खोलता है और कुछ समय बाद उसे एहसास होता है कि काफी समय निकल गया। इसका असर केवल पढ़ाई पर नहीं पड़ता, बल्कि धीरे-धीरे अध्ययन की आदत और धैर्य पर भी पड़ सकता है।

 अभिभावकों को इस विषय पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बच्चों को केवल मोबाइल चलाने से रोकना पर्याप्त नहीं है। उन्हें यह समझाना भी आवश्यक है कि उनका ध्यान कितना मूल्यवान है। उन्हें पुस्तक पढ़ने, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों, संगीत, लेखन और वास्तविक सामाजिक संबंधों के लिए प्रेरित करना चाहिए। 

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि माता-पिता स्वयं भी उदाहरण प्रस्तुत करें। यदि घर के बड़े सदस्य हर समय मोबाइल में व्यस्त रहेंगे, तो बच्चों से अलग व्यवहार की अपेक्षा करना उचित नहीं होगा। बच्चों को उपदेश देने से अधिक प्रभाव हमारे अपने व्यवहार का पड़ता है।

17. क्या हम दूसरों की जिंदगी देखते-देखते अपनी जिंदगी जीना भूल रहे हैं ?

यह प्रश्न थोड़ा असहज जरूर है, लेकिन इस पर विचार करना आवश्यक है। हम सोशल मीडिया पर प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की गतिविधियां देखते हैं। कौन कहां घूमने गया ?....किसने नया घर खरीदा ?....किसका व्यवसाय कितना बढ़ा ?...किसने क्या हासिल किया ?......कौन कितना खुश दिखाई दे रहा है ? लेकिन कभी-कभी हम दूसरों की जिंदगी देखने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त समय ही नहीं निकालते।

हम दूसरों की उपलब्धियों पर प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन अपनी संभावनाओं पर विचार नहीं करते। हम दूसरों की तस्वीरों पर समय बिताते हैं, लेकिन अपने सपनों को साकार करने के लिए समय नहीं निकालते। हम दूसरों की राय सुनते हैं, लेकिन अपने भीतर की आवाज सुनना भूल जाते हैं। 

यहां एक बात समझने की आवश्यकता है - सोशल मीडिया पर दूसरों की उपलब्धियों को देखकर प्रेरित होना अच्छी बात है लेकिन यदि यही गतिविधि हमें अपनी जिंदगी से असंतुष्ट करने लगे, तो हमें अपनी प्राथमिकताओं पर पुनर्विचार करना चाहिए। दूसरों की सफलता से प्रेरणा लीजिए, तुलना करके स्वयं को परेशान मत कीजिए। 
दूसरों की जिंदगी देखने में इतना व्यस्त मत हो जाइए कि अपनी जिंदगी संवारने का समय ही न बचे।

18. एकाग्रता केवल सफलता नहीं, मानसिक शांति का भी आधार है | 

Deep Work का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि गहराई से किसी काम में डूबना केवल बेहतर परिणाम देने तक सीमित नहीं है। इससे काम के प्रति संतुष्टि और सार्थकता का अनुभव भी हो सकता है। जब हम किसी महत्वपूर्ण काम में पूरी तरह डूब जाते हैं, तो उस समय हमारा ध्यान अनावश्यक विचारों और बाहरी व्यवधानों से हट जाता है, हम वर्तमान क्षण में होते हैं। 

एक लेखक जब लेखन में डूबा होता है, एक कलाकार जब अपनी कला में डूबा होता है, एक माली जब पौधों की देखभाल करता है और एक व्यक्ति जब पूरी एकाग्रता से कोई रचनात्मक काम करता है, तो उसे एक विशेष प्रकार की संतुष्टि मिल सकती है। इसके विपरीत, लगातार मोबाइल देखने और छोटी-छोटी सूचनाओं पर प्रतिक्रिया देने से मन में बिखराव महसूस हो सकता है।

 इसलिए एकाग्रता का अभ्यास केवल अधिक पैसा कमाने या करियर में आगे बढ़ने के लिए नहीं होना चाहिए। यह मानसिक संतुलन, आत्मसंतुष्टि और जीवन की गुणवत्ता के लिए भी महत्वपूर्ण है।

19. जीवन में कुछ बड़ा करना है तो अपने ध्यान की रक्षा करना सीखिए | 

हम अपने पैसे की सुरक्षा करते हैं.....अपनी संपत्ति की सुरक्षा करते हैं....अपने स्वास्थ्य की चिंता करते हैं......अपने परिवार के लिए समय निकालते हैं l लेकिन क्या हम अपने ध्यान की भी उतनी ही सुरक्षा करते हैं ? ध्यान वह माध्यम है, जिसके जरिए हम किसी विषय को समझते हैं, ज्ञान प्राप्त करते हैं, निर्णय लेते हैं और अपने जीवन की दिशा निर्धारित करते हैं। यदि हमारा ध्यान ही बार-बार बिखरता रहेगा, तो हम अपनी क्षमताओं का पूरा उपयोग कैसे कर पाएंगे ? इसलिए हमें अपने ध्यान को एक बहुमूल्य संपत्ति मानना चाहिए। 

हर सूचना जरूरी नहीं है.....हर संदेश का जवाब तत्काल देना जरूरी नहीं है......हर वायरल वीडियो देखना जरूरी नहीं है.......हर बहस में शामिल होना जरूरी नहीं है......हर व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी नहीं है। कभी-कभी किसी चीज को न देखना भी एक समझदारी भरा निर्णय होता है। याद रखिए, आपकी जिंदगी में क्या प्रवेश करेगा, यह तय करने का अधिकार आपके पास होना चाहिए।


20. मोबाइल आपके हाथ में रहे, आपका मन मोबाइल के हाथ में नहीं

तकनीक ने हमारे जीवन को बहुत सुविधाजनक बनाया है। आज कुछ सेकंड में हम दुनिया के किसी भी कोने की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसी से भी बातचीत कर सकते हैं, नई चीजें सीख सकते हैं, अपने विचारों को लाखों लोगों तक पहुंचा सकते हैं। इसलिए तकनीक का विरोध करना समाधान नहीं है , समाधान है तकनीक के साथ संतुलित संबंध बनाना।

सोशल मीडिया का उपयोग कीजिए, लेकिन उसकी आदत के गुलाम मत बनिए। दूसरों के विचार पढ़िए, लेकिन स्वयं विचार करना मत छोड़िए। नई जानकारियां प्राप्त कीजिए, लेकिन उन्हें अपने जीवन में लागू करने का समय भी निकालिए। व्यस्त रहिए, लेकिन यह सुनिश्चित कीजिए कि आपकी व्यस्तता आपको आपके वास्तविक लक्ष्य से दूर न ले जाए।

Deep Work हमें सिखाता है कि एकाग्रता के साथ काम करना कितना मूल्यवान है। The ONE Thing हमें सिखाती है कि सही प्राथमिकता का चुनाव कितना महत्वपूर्ण है। इन दोनों विचारों को जीवन में उतारने का अर्थ है कि हम अपने समय, ऊर्जा और ध्यान का उपयोग अधिक समझदारी से करना सीखें।

 दोस्तों ,आज से एक छोटा-सा प्रयोग कीजिए - जब भी आप मोबाइल उठाएं, स्वयं से पूछें - क्या मैं इस समय मोबाइल का उपयोग किसी आवश्यक उद्देश्य के लिए कर रहा हूं या केवल अपनी आदत के कारण इसे खोल रहा हूं ?और जब भी दिन की शुरुआत करें, स्वयं से एक और प्रश्न पूछें - आज ऐसा कौन-सा एक महत्वपूर्ण काम है, जिसे पूरा करने से मेरा जीवन थोड़ा और बेहतर हो सकता है ? इन दो प्रश्नों के उत्तर यदि आप ईमानदारी से खोजने लगेंगे, तो धीरे-धीरे आपकी प्राथमिकताएं बदल सकती हैं।

क्योंकि अंततः जीवन की दिशा इस बात से तय नहीं होती कि हमने कितनी सूचनाएं प्राप्त कीं, कितने वीडियो देखे या कितने लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी। जीवन की दिशा इस बात से तय होती है कि हमने अपनी ऊर्जा, समय और ध्यान को किन कार्यों में लगाया। दुनिया का सबसे महंगा संसाधन आपका समय नहीं, बल्कि उस समय में लगाया गया आपका एकाग्र ध्यान है। समय तो बीत ही जाएगा, लेकिन यदि आपने अपना ध्यान सही दिशा में लगाया, तो वही समय आपके जीवन में ज्ञान, सफलता, संतुष्टि और सार्थकता के नए द्वार खोल सकता है।

इसलिए सोशल मीडिया पर दुनिया को देखने के साथ-साथ अपनी जिंदगी को संवारने के लिए भी समय निकालिए। क्योंकि जिंदगी देखने के लिए नहीं, जीने के लिए मिली है। और जीवन में वास्तविक परिवर्तन तब शुरू होता है, जब हम दूसरों की गतिविधियों से अपना ध्यान हटाकर स्वयं पर ध्यान केंद्रित करना सीख जाते है l 

दोस्तों आइये संकल्प ले कि -
मैं सोशल मीडिया का उपयोग करूंगा, लेकिन अपना समय, अपनी एकाग्रता और अपने जीवन का नियंत्रण उसके हाथ में नहीं दूंगा। 
WITHRBANSAL 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

टेस्ला कोड या दिव्य नंबर "369" से सफलता कैसे प्राप्त करें

जब मृत्यु सामने खड़ी हो ,पॉल कलानिधि से सीखें सार्थक जीवन कैसे जिएँ

The ONE Thing - एक ऐसा विचार, जो आपकी जिंदगी की दिशा बदल सकता है |

"अहम् ब्रह्मास्मि" के महान उद्घोषक : श्री निसर्गदत्त महाराज

अष्टावक्र गीता- सुनते-सुनते आत्मज्ञान हो जाएगा

अब्राहम हिक्स की तकनीक से 17 सेकंड में,जो चाहे वह प्राप्त करें |

5 सेकंड में जीत या हार तय होती है ,जानिए वह नियम जिसने लाखों लोगों की जिंदगी पलट दी l

"आत्मलोक" क्या है एवं आत्माएँ कैसे यहाँ पहुँचती है |

मनुष्य आखिर है क्या? पंचमहाभूत, आत्मा और मृत्यु का विज्ञान जिसने ऋषियों को अमर बना दिया