“मैं टूट गया था… फिर जो समझ आया, उसने मेरी पूरी दुनिया बदल दी !"
withrbansal
नियति के पार - मेरी अपनी कहानी
दोस्तों, यह सिर्फ एक कहानी नहीं, मेरा सत्य है | मैं कोई संत नहीं हूँ, मैं कोई महान व्यक्ति भी नहीं हूँ। मैं एक बिल्कुल साधारण इंसान हूँ - आपकी तरह… उसी दुनिया में जीता हुआ, उन्हीं संघर्षों से जूझता हुआ। लेकिन आज मैं जो लिख रहा हूँ, वह केवल शब्द नहीं हैं - यह मेरी अपनी यात्रा है… मेरे टूटने, समझने और बदलने की कहानी | अगर आप इसे पढ़ रहे हैं, तो शायद कहीं न कहीं यह आपकी कहानी भी हो सकती है।
1. जब सब कुछ होते हुए भी कुछ नहीं होता -
कुछ साल पहले तक मेरी जिंदगी बाहर से ठीक-ठाक लगती थी -एक नौकरी थी,परिवार था समाज में पहचान थी,लेकिन अंदर… सब बिखरा हुआ था। बार-बार असफलता मिल रही थी, आर्थिक दबाव बढ़ रहा था,घर में छोटी-छोटी बातों पर तनाव रहने लगा था l हर दिन मैं पूरी कोशिश करता…लेकिन हर बार कुछ न कुछ गलत हो जाता।धीरे-धीरे मेरे अंदर एक आवाज़ मजबूत होने लगी - “शायद मेरी किस्मत ही खराब है…”और सच कहूँ, मैंने कोशिश करना भी कम कर दिया था।
2. वह दिन जिसने सब बदल दिया -
एक दिन मैं बहुत टूट चुका था। बिना सोचे-समझे मैं एक पार्क में जाकर बैठ गया। मन में बस एक ही सवाल था -“आखिर मेरे साथ ही ऐसा क्यों हो रहा है?” तभी एक वृद्ध व्यक्ति मेरे पास आकर बैठे।उन्होंने मुझसे कुछ पूछा नहीं …बस धीरे से कहा “मन बहुत परेशान है… है ना ?”मैं चौंक गया। पता नहीं क्यों, लेकिन मैं उनसे सब कुछ कह गया - “मैं कोशिश करता हूँ, लेकिन हर बार असफल हो जाता हूँ…लगता है मेरी किस्मत ही खराब है…”उन्होंने मेरी आँखों में देखा और कहा - “किस्मत खराब नहीं होती… सोच कमजोर होती है।” उस समय यह बात मुझे अच्छी नहीं लगी। लेकिन आज समझ आता है - वही मेरे जीवन का turning point था।
यह भी पढ़े - " राम "- एक नाम जो मन को थाम लेता है |
3. मैंने खुद को देखना शुरू किया -
उन्होंने मुझे एक बहुत सरल काम बताया - “हर दिन कुछ समय ( 10 मिनट ) शांत बैठो… और अपने विचारों अथवा आती -जाती साँसो को देखो।” शुरुआत मेरे लिए बहुत कठिन थी। मन इधर-उधर भागता था,बेचैनी होती थी, बार-बार छोड़ने का मन करता था,लेकिन मैंने किसी तरह जारी रखा।
कुछ दिनों बाद मुझे पहली बार एहसास हुआ - मेरे अंदर लगातार विचार चल रहे हैं—डर,चिंता, तुलना, असुरक्षा और मैं उन्हें ही सच मानकर जी रहा था। एक दिन अचानक मेरे अंदर कुछ क्लिक हुआ - “ये विचार मैं नहीं हूँ… मैं इन्हें देख सकता हूँ।” उस दिन मुझे पहली बार अपने भीतर थोड़ी शांति महसूस हुई।
यह भी पढ़े - घर रणभूमि नहीं, साधना-भूमि है |
4. जब मैंने दूसरों के लिए जीना शुरू किया -
मैंने पार्क में उन वृद्ध व्यक्ति से नियमित मिलना जारी रखा | उन्होंने कहा - "जीवन में किसी भी प्रकार के डर पर विजय प्राप्त करनी है तो - दूसरों के लिए जीना शुरू करो l" मेरा अगला कदम था- सेवा। सच कहूँ तो मुझे लगा - “मेरे पास खुद कुछ नहीं है, मैं दूसरों की क्या मदद करूँगा?” लेकिन फिर भी मैंने शुरू किया - किसी जरूरतमंद की मदद करना, किसी दुखी व्यक्ति को सांत्वना देना , छोटे-छोटे अच्छे काम करना जैसे -पेड़ लगाना, पक्षियों एवं अन्य प्राणियों के लिए दाना -पानी की व्यवस्था करना इत्यादि l धीरे-धीरे कुछ बदलने लगा। जब मैं किसी के काम आता तो मेरा मन हल्का हो जाता,मुझे अंदर से अच्छा महसूस होता | मुझे एहसास हुआ -“मैं केवल अपने दुखों में ही उलझा हुआ था…”
5. मैंने पहली बार सच्ची प्रार्थना की -
मैं पहले भी प्रार्थना करता था, लेकिन वह सिर्फ एक औपचारिकता थी। अब मैंने पहली बार दिल से कहा -
“मुझे रास्ता नहीं दिख रहा… लेकिन मैं बिखरना नहीं चाहता…अगर कोई शक्ति है, तो मुझे संभाल लो…” उस दिन मैं रोया। लेकिन वह कमजोरी नहीं थी - वह मेरे भीतर का बोझ हल्का होना था। धीरे-धीरे मेरा डर कम होने लगा l मेरे अंदर एक भरोसा आने लगा जैसे मैं अकेला नहीं हूँ।
6. फिर आया मेरे जीवन में सबसे बड़ा परिवर्तन - समर्पण
एक दिन मैंने खुद से पूछा - “क्या मेरी जिंदगी अब बदल जाएगी?”और अंदर से एक जवाब आया - “तुम बदल रहे हो… यही सबसे बड़ा बदलाव है।” मुझे समझ आया - मैं परिस्थितियों को नियंत्रित नहीं कर सकता लेकिन हालातों पर अपनी प्रतिक्रिया को नियंत्रित कर सकता हूँ और यही असली स्वतंत्रता है।
7.जब जीवन बदलना शुरू हुआ -
धीरे-धीरे मेरे जीवन में बदलाव आने लगा - मुझे नए अवसर मिलने लगे, मेरे रिश्ते सुधरने लगे, कठिनाईया मुझे परेशान नहीं करती, आर्थिक स्थिति बेहतर होने लगी लेकिन सच कहूँ - अब यह सब मेरे लिए सबसे बड़ी बात नहीं थी। क्योंकि मैंने कुछ और पाया था, वह है - “भीतर की शांति।”
आज मैं यह पूरी ईमानदारी से कह सकता हूँ - पहले मैं सोचता था कि मेरी नियति मुझे चला रही है लेकिन आज मैं जानता हूँ - “मेरी चेतना मेरी नियति बनाती है।” दोस्तों,अगर मैं बदल सकता हूँ, तो आप भी बदल सकते हैं l मैं कोई विशेष व्यक्ति नहीं हूँ। अगर मैं बदल सकता हूँ,तो कोई भी बदल सकता है। बस आपको शुरुआत करनी है - खुद को देखने से,दूसरों के लिए कुछ करने से, और भीतर से जुड़ने से l
दोस्तों,अंत में (दिल से) - “मैंने अपनी नियति को नहीं बदला…मैंने खुद को बदल दिया…और उसी के साथ मेरी नियति बदल गई।” अगर मेरी कहानी आपको छूती है,तो इसे सिर्फ पढ़ें नहीं…इसे अपने जीवन में उतारें। क्योंकि शायद…आपकी कहानी भी यहीं से बदल सकती है।🙏
withrbansal

.jpg)



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
आपको मेरी यह पोस्ट कैसी लगी ,कृपया सुझाव, शिकायत अथवा टिप्पणी बॉक्स में लिखकर बताये